शराब घोटाला मामले में ED ने केजरीवाल को किया गिरफ्तार

By :Admin Published on : 22-Mar-2024
शराब

भारत की राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। जी हाँ, अब इसके बाद देश के अंदर सियासी सरगर्मियां काफी बढ़ गई हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष सीधे बीजेपी पर निशाना साध रहा है।

देश के सभी विपक्षी राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने ED द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रियाऐं दी हैं। इसको लेकर कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस, शरद पवार की राकांपा और उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने अपना-अपना विरोध दर्ज करा दिया है। 

कांग्रेस का कहना है, कि चुनाव के दौरान आप नेता की गिरफ्तारी पूरी तरह से गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस दर्जा तक गिराया जा रहा है। जो ना तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ना ही भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को शोभा देता है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष के नेताओं का बयान 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह दावा किया है, कि 'अहंकारी' भाजपा हर दिन चुनावी जीत के झूठे दावे कर रही है और चुनाव से पहले 'अवैध तरीके' अपनाकर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एक 'डरा हुआ तानाशाह' एक मृत लोकतंत्र बनाना चाहता है। आइएनडीआइ गठबंधन ऐसे मंसूबों का करारा जवाब देगा। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को चुनाव के चलते इस तरह निशाना बनाना गलत है।

पंजाब सीएम भगवंत मान 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि अरविंद केजरीवाल एक विचारक हैं, ईडी उन्हें कैद नहीं कर सकती। भाजपा जानती है कि केवल आप और केजरीवाल ही उनको रोक सकते हैं। इसीलिए वे डराने के लिए ये हथकंडे अपना रहे हैं।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया कि 'जो खुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद 'वो' क्या करेंगे किसी और को कैद। 

भाजपा जानती है कि वो फिर दोबारा सत्ता में नहीं आने वाली, इसी डर से वो विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ्तारी तो बस बहाना है।

तृण मूल कांग्रेस ने भी इसकी आलोचना की है 

कोलकाता में राज्य ब्यूरो के मुताबिक, बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। 

तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा में पार्टी के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ईडी द्वारा गिरफ्तारी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि हम निर्वाचित मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हैं। 

इसी प्रकार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और केरल के सीएम पी. विजयन ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की है।

Categories

Similar Posts