झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले झामुमो सीएम हेमंत सोरेन ने गिनाईं उपलब्धियां

By :Admin Published on : 09-Oct-2024
झारखंड

चंपई सोरेन के भाजपा में जाने के बाद से झारखंड विधानसभा चुनाव की चर्चा काफी सुर्खियों में है। यह चुनाव झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए होगा। 

मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। मुख्य लड़ाई हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी में होगी।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल से रिहा हुए 90 दिन पूरे हो चुके हैं। इस संबंध में एक्स पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा कि जेल से लौटकर राज्य की कमान संभाले हुए उन्हें 90 दिन पूरे हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने झारखंड वासियों के सहयोग के साथ कुछ महत्वपूर्ण उपलब्धियां हांसिल की हैं।

महिला और किसानों का रखा गया खास ख्याल 

झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना से 50 लाख से अधिक बहनों को जोड़ा गया है। योजना के तहत दो किस्त लाभुक महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई है। तीसरी किस्त भी जारी की जा रही है।

इसके अलावा, किसान कल्याण के क्षेत्र में भी कई उपलब्धियां हांसिल की गई है। राज्य के लाखों किसानों के दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ हुए। दूध की खरीद में अब किसानों को पांच रुपयं प्रति लीटर बोनस मिल रहा है।

ये भी पढ़ें: झारखंड सीएम हेमंत सोरेन की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन से मीटिंग के पीछे की मुख्य वजह

बिजली और सड़क निर्माण कार्य तेजी पर 

बिजली सुधार के क्षेत्र में प्रति माह 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ लगभग 40 लाख परिवारों को मिल रहा है। अब हर माह शून्य बिल उन्हें आ रहा है। राज्य के 40 लाख परिवारों का बकाया बिजली बिल माफ हुआ है।

कहा कि बुनियादी ढांचा विकास की दिशा में राज्य का पहला अत्याधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर रांची में स्थापित हुआ है। रिकार्ड समय में कांटाटोली फ्लाईओवर का भी निर्माण हुआ।

कई अन्य सड़कों का उद्घाटन और फ्लाईओवर का उन्होंने शिलान्यास किया। एमजीएम, जमशेदपुर में 750 से अधिक बेड का अस्पताल और ओपीडी सेवा की शुरुआत हुई। 300 बेड के मल्टीस्पेशलिटी अपोलो अस्पताल का रांची में शिलान्यास किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित 

हेमंत सोरेन ने पोस्ट में उल्लेख किया है कि परीक्षाओं का समय पर आयोजन किया गया। छात्रों एवं परीक्षार्थियों के हितों के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करने की नीति पर सरकार चल रही है। अधिवक्ता एवं अन्य वर्ग के विषयों को भी बखूबी देखा गया है।

अधिवक्ताओं के लिए पेंशन, प्रोत्साहन राशि, स्वास्थ्य बीमा और अन्य सहायता प्रदान की गई है। अन्य वर्गों को भी स्वास्थ्य बीमा से जोड़ा गया है। पोषण सखी एवं अन्य अनुबंध वर्गों को भी हक-अधिकार सरकार ने दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत हर पंचायत में लाखों आवेदन के लिए शिविर लगाया गया। इन आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जा रहा है। 

यह सूची सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता को दर्शाता है। राज्य सरकार आगे भी जनहित में ऐसे ही कार्य करती रहेगी।

Categories

Similar Posts