चंपई सोरेन ने इस तारीख को भाजपा में शामिल होने का किया ऐलान

By :Admin Published on : 27-Aug-2024
चंपई

झारखंड की राजनीति में काफी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पूर्व सीएम झामुमो नेता चंपई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने तारीख का भी खुलासा किया है, जिस दिन चंपई भाजपा की सदस्यता लेंगे।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए अपने राजनीतिक भविष्य का निर्णय लिया है। चंपई सोरेन भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। 

आपको बता दें कि पूर्व सीएम चंपई सोरेन बीते कई दिनों से खुलकर हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे थे। आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले चंपई सोरेन के साथ आने से भाजपा को बड़ा फायदा मिल सकता है। 

जानिए किस तारीख को भाजपा में शामिल होंगे चंपई सोरेन 

चंपई सोरेन ने सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। उनके साथ में असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा भी उपस्थित थे। 

सीएम हिमंता ने जानकारी दी है, कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के प्रतिष्ठित आदिवासी नेता चंपई सोरेन ने थोड़ी देर पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। चंपई 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे। 

चंपई सोरेन ने राजनीति को लेकर दो विकल्पों की बात कही थी

चंपई सोरेन ने हाल ही में कहा था कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे। अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए उनका राजनीति में बने रहना बेहद आवश्यक है। 

चंपई सोरेन ने एक हफ्ते के भीतर राजनीतिक भविष्य पर फैसला लेने की बात कही थी। चंपई सोरेन ने दो विकल्प बताए थे- पहला अलग संगठन खड़ा करना या फिर कोई साथी मिले, तो उसके साथ आगे का सफर सुनिश्चित करना। 

झारखंड राज्य का सियासी उथल-पुथल की शुरुआत कैसे हुई ?

हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। हेमंत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद चंपई सोरेन को झारखंड का नया सीएम बनाया गया। 

झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद हेमंत सोरेन फिर से विधायक दल का नेता चुने गए। इसके बाद चंपई सोरेन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। फिर हेमंत सोरेन झारखंड के सीएम बने। इसके कुछ ही दिनों बाद चंपई ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। 

Categories

Similar Posts