भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुआ जानलेवा हमला, एक गोली छूते हुए निकली

By :Admin Published on : 29-Jun-2023
भीम


भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर बुधवार शाम को अपने एक साथी की मां की रस्म पगड़ी में शामिल होने के बाद सहारनपुर लौट रहे थे। तभी उनपर ये जानलेवा हमला हुआ। फायरिंग के दौरान एक गोली चंद्रशेखर को छूते हुए निकल गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वे खतरे से बाहर हैं और उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। 


हमले के उपरांत चंद्रशेखर आजाद को इलाज के लिए शीघ्र सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे मामले की एसएसपी डॉ विपिन टाडा सहारनपुर ने डीजीपी विजय कुमार को फोन पर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनकी हालत ठीक है।


चंद्रशेखर आजाद ने बताया है, कि हमारे साथ के लोग हादसे के समय आस पास थे। हादसे से मैं काफी डर गया। मैंने स्थानीय पुलिस प्रशासन से सहायता के लिए मदद भी मांगी थी। उन्होंने हमलावरों को लेकर कहा कि मुझे ठीक से याद नहीं है, लेकिन मेरे लोग उन्हें पहचान लेंगे। उनकी कार सहारनपुर की तरफ से चली गई। हमने यू-टर्न ले लिया। घटना के दौरान मेरे छोटे भाई समेत हम पांच लोग कार में थे।


भीम आर्मी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है, कि चंद्रशेखर आजाद को सुरक्षा मिलनी चाहिए है। वहीं घटना पर आरएलडी के स्थानीय विधायक मदन भैया ने बताया कि अभी उनकी स्थिति खतरे से बाहर है और उपचार चल रहा है।


भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हुए हमले को लेकर पुलिस का क्या कहना है 


एसएसपी डॉक्टर विपिन टाडा ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने हमले किए हैं। एक बुलेट उनकी कमर को छूते हुए निकल गई। वह ठीक हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस संपूर्ण मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। सामने आया कि हमलावर हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में आए थे। 


चंद्रशेखर पर हुए जानलेवा हमले से उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठे सवाल  


समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले को लेकर यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''प्रदेश में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं, कि अराजक तत्व अपनी सभी हदों और सरहदों को तोड़ने लगे हैं। यूपी में विपक्ष अब सत्ता और अपराधियों दोनों के निशाने पर हैं। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून व्यवस्था के लिए एक अलार्म है। जाग जाओ सरकार!''


RLD चीफ जयंत चौधरी जी ने कहा "चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला मन व्यथित करने वाली घटना है। विश्वास है भीम आर्मी चीफ जल्द स्वस्थ होकर अपने चुने पथ पर चलते रहेंगे।"


AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर के कहा है, कि "चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले की सख्त से सख्त मजममत करनी चाहिए। फैशिस्ट ताकतों में जम्हूरी तरीके से लड़ने की हिम्मत नहीं है। वो हिंसा से अपने मकसद को हासिल करना चाहते हैं। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और हमला करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।''

Categories

Similar Posts