गीता प्रेस विवाद पर भाजपा नेता रविशंकर ने कांग्रेस पर जमकर पलटवार किया

By :Admin Published on : 19-Jun-2023
गीता

बतादें, कि गीता प्रेस को दिए जाने वाले गांधी शांति पुरस्कार 2021 की आलोचना पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है, कि कांग्रेस में अब माओवादी मानसिकता वाले लोग हैं, जो कि राहुल गांधी के भी सलाहकार हैं।


गीता प्रेस गोरखपुर को 2021 के लिए गांधी शांति पुरस्कार मिलने पर कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति व्यक्त की है। कांग्रेस द्वारा केंद्र के कदम को उपद्रव जैसा बताया गया है। कांग्रेस के बयान के पश्चात भाजपा ने भी अब पलटवार किया है।


रविशंकर ने कांग्रेस पर जमकर पलटवार किया 


कांग्रेस द्वारा गीता प्रेस को दिए जाने वाले गांधी शांति पुरस्कार 2021 की आलोचना पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पलटवार करते हुए कहा है, कि कांग्रेस से क्या ही आशा की जा सकती है, जिसने राम मंदिर निर्माण की राह में रोड़े अटकाए ? जो तीन तलाक का विरोध करती है। गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार पर उनकी टिप्पणी से ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है ? हम इसकी निंदा करते हैं। मैं भारी मन से कहना चाहता हूं, कि देश पर शासन करने वाली पार्टी में अब माओवादी मानसिकता वाले लोग हैं, वे राहुल गांधी के भी सलाहकार हैं और इसका पूरे देश को विरोध करना चाहिए।


असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा 


इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। हिमंता ने कहा है, कि कर्नाटक में जीत के साथ ही कांग्रेस ने अब खुले तौर पर भारत के सभ्यतागत मूल्यों और समृद्ध विरासत के खिलाफ युद्ध शुरू कर दिया है। अब चाहे वह धर्मांतरण विरोधी कानून को रद्द करने या गीता प्रेस के खिलाफ आलोचना के रूप में हो।


हिमंता का कहना है, कि कर्नाटक में मिली चुनावी जीत के अभिमान में चूर होकर कांग्रेस अब भारतीय संस्कृति पर खुला प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा है, कि भारत की जनता कांग्रेस को सही जवाब देगी।


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने गीता प्रेस को लेकर क्या कहा था 


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है, कि गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 देना 'सावरकर और गोडसे को पुरस्कृत करने' जैसा है। ये फैसला एक उपहास की तरह है।


बतादें, कि केंद्र सरकार ने गांधीवादी तरीकों के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गीता प्रेस को सम्मानित किया है।

Categories

Similar Posts