मायावती को लेकर विवादित बयान देने पर शिवपाल यादव पर मुकदमा दर्ज

By :Admin Published on : 06-May-2024
मायावती

बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने अभद्र टिप्पणी की है। 

बदायूं के बसपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को कहा है, कि बसपा के जिला अध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी की तहरीर पर शिवपाल यादव के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 504 (जानबूझकर अपमान करना) और 505 (सामाजिक उपद्रव फैलाने वाला वक्तव्य देना) के तहत रविवार देर रात को मुकदमा दर्ज किया गया है। 

शिवपाल यादव के बयान को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा

जानकारी के लिए बतादें, कि इस मामले में वादी बसपा के जिला अध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी ने दावा किया है, कि उन्होंने बीती 3 मई को अपने मोबाइल फोन पर एक चैनल की समाचार क्लिपिंग देखी थी, जिसमें शिवपाल ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अमर्यादित व अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था। 

उन्होंने कहा था, कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनके लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग करने से बसपा कार्यकर्ताओं में काफी ज्यादा रोष है। 

शिवपाल यादव पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है 

बसपा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी के मुताबिक, इसी वजह से उन्होंने पुलिस को उस टिप्पणी का वीडियो उपलब्ध कराया था, जिसकी जांच करने के बाद कोतवाली सिविल लाइंस में शिवपाल के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

त्यागी ने कहा है, कि इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी संज्ञान लेना चाहिए। 

शिवपाल की जगह अब उनके बेटे को बदायूं से उतारा मैदान में

जानकारी के लिए बतादें, कि शिवपाल के बेटे आदित्य यादव बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं। समाजवादी पार्टी यहां से पहले भी अपने दो उम्मीदवार बदल चुकी है। 

समाजवादी पार्टी ने पहले इस सीट से धर्मेंद्र यादव को मैदान में उतारा था। बाद में एक अन्य सूची में पार्टी ने धर्मेंद्र यादव की जगह शिवपाल यादव को बदायूं से प्रत्याशी बनाया। 

इसके बाद एक और सूची जारी कर शिवपाल यादव की जगह बदायूं सीट से उनके बेटे आदित्य यादव को टिकट दिया।

Categories

Similar Posts