इस लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव का भी रिकॉर्ड तोड़ा

By :Admin Published on : 07-Jun-2024
इस

उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों में से समाजवादी पार्टी (सपा) ने 37 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। जबसे सपा का गठन हुआ है तब से लेकर आज तक यह पार्टी का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। 

इसके अतिरिक्त सपा का वोट शेयर भी काफी बढ़ा है। यूपी में समाजवादी पार्टी को 33.59 प्रतिशत वोट मिले हैं। इससे पहले इतना वोट शेयर सपा को कभी नहीं मिला था। 

इसके अलावा सपा इतनी सीटें तब भी नहीं जीत सकी जब उसकी यूपी में सरकार थी और मुलायम सिंह यादव का राज्य में जलवा था। 

सीट जीतने के मामले में अखिलेश यादव ने वो करिश्मा कर दिखाया जो उनके दिवंगत पिता पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव भी नहीं कर पाए थे। 

सपा के साथ आने से कांग्रेस को भी लाभ हुआ

अखिलेश यादव की पार्टी के साथ गठबंधन से कांग्रेस को भी काफी फायदा मिला है। इंडिया गठबंधन में सपा की सहयोगी कांग्रेस ने भी यूपी में छह सीट जीती हैं। 

वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में धमाकेदार जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी को इस बार राज्य में 33 सीट मिली हैं। 

जानिए इससे पहले सपा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कब किया 

अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी का गठन अक्टूबर 1992 में किया था। सपा ने अपना पहला लोकसभा चुनाव साल 1996 में लड़ा था। 

सपा अपने पहले ही चुनाव में यूपी में 16 लोकसभा सीटें जीतने में कामयाब रही। सपा का वोट शेयर 20.80 प्रतिशत था। 

1998 में कराए गए लोकसभा चुनाव में सपा ने अपना जनाधार बढ़ाते हुए 20 सीटें जीत ली, पार्टी का वोटर शेयर 28.7 प्रतिशत था। 

साल 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में सपा 26 सीटें जीत गई। इसके बाद हुए साल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव में सपा सबसे बड़ा प्रदर्शन करते हुए 35 सीटें जीत गई। 

पार्टी को 26.74 प्रतिशत वोट मिले। साल 2009 के चुनाव में सपा की सीटें कम हो गई और 23 सीटें मिली। इसके बाद 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा महज पांच सीटें ही जीत सकी। 

उत्तर प्रदेश में सपा ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी 

यूपी में सपा ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जिसकी बदौलत भाजपा की सीटें आधी हो गई। जहां पर सपा हारी है वहां भी दूसरे नंबर पर रही। 

कई जगहों पर बीजेपी और सपा के बीच हार-जीत का अंतर 2000 से 50000 हजार के बीच रहा। कुछ सीटों पर बीजेपी पांच हजार या उससे कम सीट पर जीती है। 

सपा ने बीजेपी को अयोध्या में भी हरा दिया जहां पर राम मंदिर के नाम पर बीजेपी देश भर में माहौल बना रही थी। 

Categories

Similar Posts