महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बड़ा निर्णय लिया है। शिंदे ने कैबिनेट बैठक में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मुंबई में प्रवेश करने वाले सभी 5 टोल बूथों पर हल्के मोटर वाहनों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि ये फैसला आज रात यानी 14 अक्टूबर से ही लागू हो जाएगा। अब से वाशी, मुलुंड, ऐरोली, दहिसर और आनंदनगर टोल पर किसी भी हल्के वाहन को टैक्स नहीं देना होगा।
आपकी जानकारी के लिए बतादें, कि हल्के वाहन की श्रेणी में शुमार कार, टैक्सी, जीप, छोटा ट्रक, वैन और डिलीवरी वैन आदि आते हैं। आज रात से ही इन वाहनों पर कोई कर नहीं लगेगा।
महाराष्ट्र के मंत्री दादाजी दगडू भुसे ने कहा कि मुंबई में प्रवेश के समय, दहिसर टोल, आनंद नगर टोल, वैशाली, ऐरोली और मुलुंड सहित 5 टोल प्लाजा थे। इन टोल पर 45 रुपये और 75 रुपये वसूले जाते थे, यह 2026 तक लागू था।
मंत्री ने आगे कहा कि तकरीबन 3.5 लाख वाहन आते-जाते थे। उनमें से तकरीबन 70 हजार भारी वाहन थे और 2.80 लाख हल्के वाहन थे। सरकार ने आज रात 12 बजे के उपरांत हल्के वाहनों को टोल से छूट देने का निर्णय किया है।
मंत्री ने कहा कि लोगों का जो समय कतारों में लगने में नष्ट होता था, वह बचेगा। महाराष्ट्र सरकार विगत कई महीनों से इस पर चर्चा कर रही थी। अंततः सरकार ने इस पर क्रांतिकारी फैसला ले लिया है।