राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया

By :Admin Published on : 21-Jun-2024
राष्ट्रपति

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों में एनडीए को बहुमत मिला और सरकार का भी गठन हो चुका है। केंद्र में सरकार बनने के बाद अब जल्द ही नई संसद का पहला सत्र भी चालू होने वाला है। सरकार बनने के बाद लोगों की नजर तब से लोकसभा स्पीकर के चुनाव पर टिकी हुई है। 

हालाँकि, अब इन अटकलों का सिलसिला जल्द बंद होने वाला है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 95(1) के तहत लोकसभा सदस्य भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। भर्तृहरि महताब की अध्यक्षता में ही निचले सदन लोकसभा के अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।   

भर्तृहरि महताब कब तक पद का निर्वहन करेंगे ?

मीडिया खबरों के मुताबिक, भर्तृहरि महताब निचले सदन लोकसभा के अध्यक्ष के चुनाव तक पीठासीन अधिकारी के कर्तव्यों का पालन करेंगे। 

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि लोकसभा सदस्य के सुरेश, टीआर बालू, राधा मोहन सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते और सुदीप बंद्योपाध्याय प्रोटेम स्पीकर की सहायता करेंगे। 

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया

भर्तृहरि महताब कौन हैं ?

भर्तृहरि महताब ओडिशा की कटक लोकसभा सीट से 7वीं बार सांसद बने हैं। भर्तृहरि ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हरेकृष्ण महताब के बेटे हैं। 

भर्तृहरि महताब लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजू जनता दल को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने कटक सीट पर बीजेडी के संतरूप मिश्रा को 57077 वोटों से हराया था। 

लोकसभा का पहला सत्र कब शुरू होगा ?

भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब 18वीं लोकसभा में प्रोटेम स्पीकर के तौर पर नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ ग्रहण कराएंगे। 

आपकी जानकारी के लिए बतादें, कि हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से चालू होगा। नवनिर्वाचित सदस्य 24-25 जून को शपथ लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव 26 जून को होना है।

Categories

Similar Posts