आपकी जानकारी के लिए बतादें, कि लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में ब्रज और रुहेलखंड की 10 सीटों पर सात मई को मतदान होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में संभल और मैनपुरी सीटों पर साइकिल दौड़ी थी।
वहीं, आठ सीटों पर कमल खिला था। मिशन -80 का लक्ष्य साधने में जुटी भाजपा के लिए तीसरा चरण विशेष महत्वपूर्ण है ।
भारत के बड़े राजनीतिक घरानों में शुमार सैफई के यादव परिवार के जो पांच रणबांकुरे चुनावी संग्राम में पराक्रम दिखाने के लिए उतरे हैं, उनमें से तीन की परीक्षा तीसरे चरण में ही होगी।
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट
- बुलंद दरवाजा और सूफी संत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह के लिए विख्यात फतेहपुर सीकरी में इस लोकसभा चुनाव में कौन बुलंदी को छुएगा और किसे सर्वाधिक मतदाता मतों के रूप में अपना आशीर्वाद व दुआ देंगे।
- यह तो चुनाव परिणाम ही बताएगा। वर्तमान में इस सीट पर काफी दिलचस्प मुकाबला होने की संभावना हैं।
- पिछले लोकसभा चुनाव में 4.95 लाख मतों से जीतकर बुलंदी छूने वाले जाट बिरादरी के भाजपा सांसद राजकुमार चाहर इस बार फिर यहां कमल खिलाने के इरादे से मैदान में हैं।
- बसपा ने चुनावी गणित को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण प्रत्याशी राम निवास शर्मा पर भरोसा जताया है तो कांग्रेस ने ठाकुर बिरादरी के रामनाथ सिकरवार को उतारा है।
- फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के पुत्र रामेश्वर चौधरी ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरकर यहां होने वाली लड़ाई को रोमांचक बना दिया है। रामेश्वर चौधरी भी जाट बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं।
मैनपुरी लोकसभा सीट
सपा के गढ़ मैनपुरी में साइकिल की रफ्तार से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ने के लिए पार्टी की मौजूदा सांसद डिंपल यादव मैदान में डटी हैं।
अपने ससुर और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर दिसंबर 2022 में हुए उपचुनाव में साइकिल की रफ्तार से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर उन्होंने यादव परिवार की राजनीतिक विरासत को संभाला था।
अब उन पर इस विरासत को सहेजने और संजोये रखने की जिम्मेदारी भी है।
सपा इस सीट पर 1996 से काबिज है। वहीं, अब तक अजेय साबित हुई मैनपुरी सीट पर भगवा परचम लहराने के लिए भाजपा ने स्थानीय विधायक और योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को मैदान में उतारा है।
यादव और शाक्य बिरादरियों की बड़ी आबादी वाली इस सीट पर बसपा ने पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव को मैदान में उतारा है।