 
                
गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। चुनाव से पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आए। यहां पर घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई। सीएम ने 111 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यहां पर योगी जी 757 करोड़ रुपये की कुल 111 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर मतदाताओं को संबोधित किया।
गाजियाबाद और दिल्ली एनसीआर के आसपास रहने वाले लोगों से जुड़ी बड़ी खबर है। अब बीमार पड़ने पर इलाज के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। अब गाजियाबाद शहर में नया एम्स खुलेगा।
इस बात की घोषणा बुधवार को प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक दिवसीय दौरे के दौरान कही। इसके अलावा सीएम ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है। पढ़ें योगी ने अपने भाषण में क्या-क्या बातें कहीं हैं।
गाजियाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एम्स जैसा सेंटर बनेगा। इसकी कार्यवाही शुरू हो चुकी है। जल्द ही सेंटर का निर्माण कार्य कराया जाएगा। यह बड़ी घोषणा बुधवार को मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद अपने होने जा रहा संबोधन के दौरान कही है।
सीएम ने कहा कि आज गाजियाबाद कितना बदल गया है। पहले यहां क्या स्थिति थी। एक तरफ पावन दूधेश्वर नाथ मन्दिर है तो दूसरी तरफ यहां पर गंदगी, माफिया की पैरलल सरकार और गुंडागर्दी थी। सात साल पहले जो लोग गाजियाबाद आये थे, वह अब आएंगे तो इसे पहचान नहीं पाएंगे।
यहां पर 14 लेन का एक्सप्रेस-वे बना है। देश की पहले नमो भारत ट्रेन का परिचालन यहां हो रहा है। यहां पर मेट्रो सेवा, एयरपोर्ट सेवा भी उपलब्ध है। सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है।
आज गाजियाबाद स्मार्ट सिटी (Ghaziabad Smart City) बन चुका है। यहां कन्वेंशन सेंटर के मॉडल के रूप में पूर्वांचल भवन, उत्तरांचल भवन बन रहे हैं। दूधेश्वर नाथ मन्दिर के पास सफाई व्यवस्था बेहतर है।