तीसरे चरण में आधी से ज्यादा लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न

By :Admin Published on : 09-May-2024
तीसरे

आपकी जानकारी के लिए बतादें, कि 7 मई को तीसरे चरण के मतदान के साथ ही लोकसभा की आधे से ज्यादा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गया है। तीनों चरणों में कुल 283 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुआ है। 

अब बाकी चार चरणों में 260 सीटों पर चुनाव होना है। तीसरे चरण में 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत 1331 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। 

वर्तमान में सभी राजनीतिक दल चौथे चरण के लिए मतदाताओं को अपने पाले में लेने के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं। चौथे चरण के चुनाव में आंध्र प्रदेश के 25, छत्तीगसढ़ की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की 4, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों और लोकसभा की सीट पर चुनाव कराए जाएंगे। सभी 543 लोकसभा सीटों के चुनाव परिणाम 4 जून को आएंगे। 

1- लोकसभा की आधी से ज्यादा सीटों पर चुनाव संपन्न

तीसरे चरण के साथ देश में आधे से अधिक लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है। देश में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं। पहले चरण में 102, दूसरे चरण में 88 और तीसरे चरण में कुल 93 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। 

कुल मिलाकर अब तक देश की 283 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। अब बाकी चार चरणों में कुल 260 सीटों पर मतदान होना है।

2- जानिए कहां-कितना मतदान हुआ 

तीसरे चरण में असम में 75.30, उत्तर प्रदेश में 57.34, कर्नाटक में 68.02, गुजरात में 56.77, गोवा में 74.27, छत्तीसगढ़ में 66.99, दादर और नगर हवेली एवं दमन और दीव में 65.23, पश्चिम बंगाल में 73.93, बिहार में 56.55, मध्य प्रदेश में 63.09, महाराष्ट्र में 54.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। (नोट- यह आखिरी आंकड़े नहीं हैं, इनमें संशोधन हो सकता है)

3- जानिए किन राज्यों में लोकसभा चुनाव संपन्न 

तीसरे चरण के साथ कई राज्यों में लोकसभा चुनाव खत्म हो चुका है। तमिलनाडु, केरल, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, असम, दमन और दीव, दादरा एवं नगर हवेली, गोवा, असम त्रिपुरा, मणिपुर, मेघायल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में तीसरे चरण के साथ ही चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो गई है। अब चार जून को मतगणना होगी।

4- इन दिग्गजों ने किया मतदान

तीसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अहमदाबाद में मतदान किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, डिंपल यादव, रवींद्र जडेजा, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार यानी सात मई को मतदान किया।

ये भी पढ़ें: तीसरा चरण : फतेहपुर सीकरी और मैनपुरी लोकसभा सीट पर रोमांचक मुकाबला

5- सूरत में नहीं हुआ मतदान 

गुजरात की सूरत लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान होना था, लेकिन यहां भाजपा प्रत्याशी मुकेश दलाल ने पहले ही निर्विरोध चुनाव जीत लिया है। इस वजह से यहां सात मई को मतदान नहीं हुआ।

6- यहां टला चुनाव

जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग ने मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले यहां तीसरे चरण में ही मतदान होना था। यहां से पीडीपी प्रमुख एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती चुनाव मैदान में हैं।

7- इन दिग्गजों की तकदीर ईवीएम में कैद

तीसरे चरण में गांधीनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया, विदिशा में शिवराज सिंह चौहान, राजगढ़ में दिग्विजय सिंह, मैनपुरी में डिंपल यादव, रत्नागिरी सिंधु दुर्ग में नारायण राणे, आगरा में एसपी सिंह बघेल, पोरबंदर में डॉ. मनसुख मांडविया, धारवाड़ में प्रहलाद जोशी, बेलगाम में पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, हावेरी में बसवराज बोम्मई की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।

8- पिछले चुनाव में ऐसा रहा भाजपा का प्रदर्शन

तीसरे चरण की इन सीटों पर भाजपा ने पिछले चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। 2019 में भाजपा ने 92 में से 72 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें गुजरात की समस्त 26 सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था।

9- बैतूल में इस वजह से तीसरे चरण में हुआ चुनाव

मध्य प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट पर पहले दूसरे चरण में मतदान होना था। मगर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी के निधन की वजह से चुनाव 7 मई यानी तीसरे चरण में संपन्न हुआ।

10- कहां-कितनी सीटों पर हुआ चुनाव

तीसरे चरण में कुल 93 सीटों पर मतदान हुआ। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, महाराष्ट्र की 11, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, मध्य प्रदेश की नौ, पश्चिम बंगाल की चार, गोवा, दादर नगर हवेली और दमन और दीव की दो-दो सीटों पर मतदान हुआ।

Categories

Similar Posts