हाथरस हादसे में घायल लोगों से मिले योगी, कहा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को मिलेगी सजा

By :Admin Published on : 03-Jul-2024
हाथरस

सीएम योगी आदित्यनाथ हाथरस घटना में घायल हुए लोगों का हाल पूछने हाथरस पहुंचे हुए हैं। उन्होंने इस हादसे को लेकर राजनीति करने वाले दलों को भी फटकार लगाई है। 

योगी ने कहा  इस प्रकार की घटना पर पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के बजाए राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। 

यह समय पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने का है। सरकार इस मामले में पहले से संवेदनशील है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस हादसे को लेकर कहा कि हमारी सरकार इस घटना की तह में जाकर साजिशकर्ताओं और जिम्मेदारों को उचित सजा देने का काम करेगी। प्रदेश सरकार इस पूरी घटना की जांच करा रही है। हम इसकी तह में जाएंगे और देखेंगे कि यह हादसा है या साजिश। 

हाथरस हादसे में सैकड़ों लोगों ने गवाई जान 

भीड़ प्रबंधन के प्रति लापरवाही के चलते मंगलवार को ब्रज के प्रवेश द्वार हाथरस में हुई एक भीषण घटना में 100 से अधिक लोगों की हृदयविदारक मृत्यु हो गई। 

पूरे देश को झकझोर देने वाली यह घटना तब हुई जब नारायण साकार विश्व हरि (भोले बाबा) के सत्संग के बाद उनका चरण रज लेने और दर्शन करने के लिए लोग आतुर हो गए।

मृतक के परिजनों को 2 लाख का मुआवजा मिलेगा 

गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच के आदेश दे दिए हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री समेत कई नेताओं ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने लोकसभा में दोहों और कविताओं के माध्यम से भाजपा पर निशाना साधा

 प्रशासनिक अनुमति से अधिक संख्या में जुटे थे श्रद्धालु 

सत्संग में जितने लोगों की प्रशासनिक अनुमति ली गई थी। उससे दोगुनी संख्या में वहां श्रद्धालुओं का ताँता लग गया था। इसके चलते भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था औंधे मुंह नीचे गिर गई। 

लोग सड़क किनारे के फिसलन भरे गड्ढे में गिरने लगे। पीछे से भीड़ का दबाव, नदारद भीड़ प्रबंधन और इसके चलते हुई भगदड़ ने भयंकर रूप ले लिया।

Categories

Similar Posts