चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा और यूपी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया

By :Admin Published on : 15-Oct-2024
चुनाव

नई दिल्ली में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी है। 

महाराष्ट्र में 20 नवंबर (बुधवार) को एक चरण के तहत विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान होगा। वहीं, झारखंड में दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को वोट डाली जाएगी। 

यह जानकारी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मंगलवार (15 अक्टूबर, 2024) को दी है।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के विज्ञान भवन स्थित प्लेनरी हॉल में दोपहर को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस (पीसी) के दौरान उन्होंने यह भी बताया, कि "महाराष्ट्र में एक चरण में ही चुनाव होगा। 

20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 23 नवंबर, 2024 को मतगणना की जाएगी। झारखंड में दो चरण में मतदान होगा। पहले चरण के तहत 13 नवंबर को तो दूसरे फेज में 20 नवंबर, 2024 को वोट डाले जाएंगे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी।"

उप-चुनावों का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा 

सीईसी राजीव कुमार ने आगे उप-चुनावों के बारे में भी जानकारी दी और कहा, "उत्तर प्रदेश (यूपी) की 10 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा। 

केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और उत्तराखंड में 20 नवंबर को बाई-इलेक्शन होगा।"

महाराष्ट्र में कुल 9.63 करोड़ वोटर्स, 1,00,186 पोलिंग बूथ और तीन पीवीटीजी हैं। झारखंड में 24 जिले, कुल 2.6 करोड़ वोटर्स, टोटल 29,562 पोलिंग स्टेशंस और आठ पीवीटीजी हैं। 

85 साल से अधिक के सीनियर सिटिजंस की सहूलियत के लिए उन्हें घर से वोट डालने की सुविधा मिलेगी। 

वोटर हेल्पलाइन ऐप में मतदाता अपने डिटेल्स की सारी जानकारी पा सकेंगे। दोनों राज्यों के चुनाव दो अहम त्योहारों के बाद होंगे। 31 अक्टूबर को दिवाली है, जबकि पांच से आठ नवंबर के बीच छठ पूजा मनाई जाएगी। 

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र चुनाव से पहले इस योजना के तहत महिलाओं को दिवाली उपहार देने की घोषणा

महाराष्ट्र-झारखंड की वर्तमान स्थिति क्या है ?

महाराष्ट्र में विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर, 2024 को समाप्त हो रहा है। वहां कुल 288 सीटें हैं। किसी भी दल को बहुमत के लिए 145 का आंकड़ा चाहिए होगा। 

मौजूदा समय में राज्य में महायुति (एनडीए) की सरकार है, जिसमें बीजेपी, अजित पवार वाली एनसीपी और एकनाथ शिंदे के गुट वाली शिवसेना शामिल हैं। 

झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटे हैं, जहां विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2025 को समाप्त हो जाएगा. किसी भी दल को वहां बहुमत के लिए 41 सीटें चाहिए होंगी. 

मौजूदा समय में वहां झारखंड मुक्त मोर्चा (जेएमएम) की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार है। 

Categories

Similar Posts