मोदी कैबिनेट में तीसरी बार शपथ ग्रहण करके हैट्रिक लगाने वाले दिग्गज सांसद

By :Admin Published on : 11-Jun-2024
मोदी

लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम भाजपा के लिए काफी अच्छा रहा है। क्योंकि, भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने में सफल रही है। 

भाजपा सदैव राष्ट्रवाद को लेकर अहम फैसला लेने के लिए जानी जाती है। पीएम मोदी ने 9 जून को शपथ ग्रहण करने के अगले दिन से कार्यभार संभाल लिया है। 

पीएम मोदी ने सबसे पहला काम पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 17 वीं किस्त जारी करने के लिए फाइल पर हस्ताक्षर करने का किया है। 

आगे आपको बताऐंगे कि वो कौन-से 14 दिग्गज सांसद हैं, जिन्हें मोदी सरकार में लगातार तीनों बार मोदी कैबिनेट में मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  

ये भी पढ़ें: इस बार मोदी की कैबिनेट में अनुभवी और जोशीले नेतृत्व का मिश्रण

  1. राव इंद्रजीत सिंह: हरियाणा की गुड़गांव लोकसभा सीट से सांसद राव इंद्रजीत ने 2014 में भाजपा का दामन थामा था। राव इंद्रजीत 2014 से मोदी सरकार में मंत्री बने हुए हैं। तीनों बार उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी प्रदान की गई।
  2. किरेन रिजिजू: शानदार व्यक्तित्व के धनी अरुणाचल पश्चिम से सांसद किरेन रिजिजू का नाम भी हैट्रिक लगाने वाले मंत्रियों की सूची में शुमार है। 2014 में रिजिजू को केन्‍द्रीय गृह राज्‍य मंत्री और 2019 में कानून, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।
  3. सर्बानंद सोनोवाल: भाजपा के कद्दावर नेता सर्बानंद सोनोवाल को 2014 में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 2019 में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी (आयुष) मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली।
  4. निर्मला सीतारमण: एक महिला के रूप में राज्यसभा सांसद निर्मला सीतारमण लगातार तीन बार से केंद्र में मंत्री हैं। 2014 में वित्त राज्य मंत्री बनी थीं। 2019 में इन्होंने वित्त मत्रांलय और कॉर्पोरेट मामलों की कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी निभाई थी।
  5. राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से सांसद राजनाथ सिंह तीसरी बार केंद्र में मंत्री बने हैं। मोदी के पहले कार्यकाल में राजनाथ को गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। दूसरे में सिंह को रक्षा मंत्री बनाया गया था।
  6. नितिन गडकरी: नितिन गडकरी महाराष्ट्र के नागपुर जनपद से सांसद हैं। मोदी सरकार के प्रथम और द्वितीय कार्यकाल में गड़करी जी ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की बखूबी जिम्मेदारी निभाई हैं।
  7. जितेंद्र सिंह: जितेंद्र सिंह को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का जिम्मा सौंपा गया है। जितेंद्र सिंह मोदी सरकार के विगत दो कार्यकालों में पीएमओ में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। जितेंद्र सिंह के पास कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय व पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय थे।
  8. गजेंद्र सिंह शेखावत: राजस्थान की राजनीति में गजेंद्र सिंह शेखावत का बड़ा नाम है। मोदी सरकार में यह भी लगातार तीन बार केंद्रीय मंत्री की शपथ ले चुके हैं। मोदी के प्रथम कार्यकाल में शेखावत को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री बनाया गया था। 2019 में उन्हें जलशक्ति मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। इस बार भी उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है।
  9. अर्जुन राम मेघवाल: अर्जुन राम मेघवाल को मोदी के पहले कार्यकाल में संसदीय कार्य मंत्री का जिम्मा सौंपा गया था। 2019 में संसदीय कार्य मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, कानून और न्याय मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया था।
  10. अनुप्रिया पटेल: अपना दल (सोनेलाल) की नेता अनुप्रिया पटेल भी हैट्रिक लगा चुकी हैं। इस बार भी उन्हें राज्य मंत्री की जिम्मेदारी प्रदान की गई है। अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर सीट से लोकसभा सांसद हैं। अनुप्रिया पटेल NDA के सहयोगियों में से एक दमदार महिला चेहरा भी हैं। 
  11. मनसुख मांडविया: बतादें, कि इस सूची में डॉ. मनसुख मंडाविया का भी नाम भी शुमार है। पहली बार उन्हें रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री घोषित किया गया था। 2019 में इन्हे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पदभार सौंपा गया था।
  12. श्रीपाद यसो नाइक: श्रीपाद यसो नाइक 2014 से अभी तक केंद्र में मंत्री हैं। रविवार को उन्होंने राज्य मंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ ली। 2019 में नाइक को पर्यटन मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया था।
  13. हरदीप सिंह पुरी: राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी भी लगातार तीन बार केंद्रीय मंत्री की शपथ ले चुके हैं। 2019 में उन्हें आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रदान की गई थी।
  14. धर्मेंद्र प्रधान: धर्मेंद्र प्रधान भाजपा के दिग्गज नेताओं में से एक हैं। ओडिशा की संबलपुर सीट से सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने 9 जून रविवार को लगातार तीसरी बार केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। 2014 में उन्हें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और 2019 में शिक्षा मंत्रालय, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया था।

Categories

Similar Posts